उत्तर प्रदेश
26 मई 2025
मुरादाबाद: तेज हवा और बारिश से गर्मी से बड़ी राहत
मुरादाबाद। तेज हवा और बारिश ने रविवार से शुरू हुए नौतपा के ताप को कम कर दिया। सुबह के समय हुई झमाझम बारिश से गर्मी से बड़ी राहत मिली। अधिकतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री कम रहा। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि आगामी तीन दिन तक बादलों की आवाजाही रहने और बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
इस बार दो जून तक चलने वाले नौतपा के दौरान भीषण गर्मी के आसार कम हैं। रविवार तड़के घने बादल छाए हुए थे। सुबह पौने छह बजे बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश होती रही और इसके बाद दिनभर बादलों की आवाजाही रही।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से चार डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
वातावरण में सुबह नमी 87 फीसदी और शाम की नमी 72 फीसदी रही। हवा पूरब से पश्चिम दिशा में दस से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही। सुबह बारिश 7.2 मिलीमीटर हुई। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि अरब सागर में चक्रवात बन गया है। चक्रवात का प्रभाव दो दिन और रहेगा। इसकी वजह तीन-चार दिन कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है